तार चोर गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कसा शिकंजा

खेकड़ा कस्बा क्षेत्र में लगातार बिजली लाइनों के तार चोरी की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस और बिजली विभाग की चिंता बढ़ा दी है। सक्रिय तार चोर गिरोह का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कबाड़ियों के जरिए बदमाशों तक पहुंचने की रणनीति तेज कर दी है। एक कबाड़ी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ भी की जा रही है।

तार चोर गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कसा शिकंजा

तार चोर गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कसा शिकंजा
- कबाड़ियों के जरिए सुराग तलाशने में जुटी पुलिस, एक कबाड़ी से गहन पूछताछ जारी
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बा क्षेत्र में लगातार बिजली लाइनों के तार चोरी की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस और बिजली विभाग की चिंता बढ़ा दी है। सक्रिय तार चोर गिरोह का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कबाड़ियों के जरिए बदमाशों तक पहुंचने की रणनीति तेज कर दी है। एक कबाड़ी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ भी की जा रही है।
कस्बा जंगल क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर तार चोरी की पांच बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। गिरोह के बदमाश अब तक हाई क्षमता और एलटी बिजली लाइनों के 100 से अधिक खंभों से तार चोरी कर चुके हैं। इन वारदातों से बिजली विभाग को 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, जबकि क्षेत्र के 100 से अधिक किसानों के नलकूप प्रभावित हो गए हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार रात हुई 23 खंभों से तार चोरी की ताजा घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया। घटना के बाद कोतवाल प्रभाकर कैंतूरा समेत पुलिस टीम पर दबाव बढ़ गया। पुलिस अधीक्षक स्वयं कोतवाली पहुंचे और लगातार बढ़ रही घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने इलाके के कबाड़ियों पर निगरानी बढ़ा दी है और चोरी के तार खरीदने वालों के नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है। एक संदिग्ध कबाड़ी को हिरासत में लेकर उससे गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि तार चोरी करने वाले गिरोह का सुराग जुटाने के लिए कई स्तर पर जांच चल रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों और ग्रामीणों में रोष है, वहीं पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।