जिला अस्पताल में कैंसर की जांच शुरू
पहले दिन 10 से ज्यादा मरीजों ने कराई कैंसर की जांच
नोएडा के सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में कैंसर की जांच की शुरूआत आखिरकार हो गई है। अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, पहले दिन 10 से ज्यादा मरीजों ने इस जांच का लाभ उठाया। मरीजों की संख्या के आधार पर जांच की सुविधा के दिन निर्धारित किए जाएंगे। यह जांच राष्ट्रीय कैंसर रोकथाम एवं शोध संस्थान के चिकित्सकों द्वारा की जा रही है। हालांकि, अभी तक इसमें केवल मुंह के कैंसर की जांच की जा रही है। लेकिन, धीरे-धीरे सभी कैंसर की प्रमुखता के साथ जांच की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, स्क्रीनिंग के लिए ओपीडी परिसर में ही चिकित्सकों के लिए एक अलग स्थान बनाया गया है। मरीज मुंह के कैंसर की जांच सीधा इस ओपीडी में आकर करा सकते हैं। ईएनटी विभाग में आने वाले संदिग्ध मरीजों को भी इस ओपीडी में भेजा जाएगा। जिससे उनके मुंह के कैंसर की जांच की जा सके। मरीजों की संख्या ज्यादा होने की स्थिति में इसे सप्ताह में छह दिन चलाया जा सकता है। हालांकि, अभी यह ओपीडी में केवल तीन दिन संचालित की जाएगी।
जिला अस्पताल में शुरू हुई कैंसर की जांचःसीएमएस
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर अशोक कुमार झा ने बताया कि जिला अस्पताल में कैंसर के स्क्रीनिंग की सुविधा शुरू की गई है। हालांकि, अभी तक इसका आधिकारिक उद्घाटन नहीं किया गया है। इसका आधारिका उद्घाटन बाद में किया जाएगा।
स्तन कैंसर की हो रही जांच
जिला अस्पताल में स्तन कैंसर की जांच की सुविधा मरीजों को पहले से मिल रही है। इसके लिए अस्पताल के ओपीडी परिसर में मरीजों को यह सुविधा दी जा रही है। स्त्री रोग विभाग में आने वाली महिला मरीजों को लक्षण के आधार पर इस ओपीडी में जांच के लिए भेजा जाता है। भविष्य में जिला अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर की जांच भी शुरू हो सकती है। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की तरफ से तैयारी की जा रही है। अस्पताल प्रशासन सर्वाइकल कैंसर के लिए राष्ट्रीय कैंसर संस्थान की मदद ले सकता है।