21 दिन में 40 हजार यात्रियों ने किया एयरपोर्ट से सफर
15 जून से शुरू हुई नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की शुरूआत से ही विकास के साथ ही कई नए रिकॉर्ड बनाने भी शुरू कर दिए हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्री सेवाएं शुरू होने के बाद मात्र 21 दिनों के भीतर 40 हजार से ज्यादा यात्री सफर कर चुके हैं। गौरतलब है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 15 जून से उड़ानों का संचालन किया गया। वहीं, 5 जुलाई तक यात्री संख्या में 84 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। एक जुलाई से नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने के बाद रोजाना यात्रियों की संख्या ढाई हजार के करीब पहुंच चुकी है।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इसके बाद 15 जून से इंडिगो ने लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ानें शुरू की गई। 16 जून से अकासा एयरलाइंस ने जम्मू, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए उड़ानों का संचालन शुरू किया था। एक जुलाई से नए शहरों को जोड़ने के साथ ही श्रीनगर के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट उपलब्ध हो गई है।
एयरपोर्ट से 84 फीसदी तक बढ़ी दैनिक यात्रियों की संख्या
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रोजाना यात्रियों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। 15 जून को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कुल 1427 यात्रियों ने सफर किया था। 5 जुलाई को यह संख्या बढ़कर 2636 तक पहुंच गई है। अब तक नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने और जाने वाले यात्रियों की कुल संख्या 40,060 तक पहुंच चुकी है। एक जुलाई से रोजाना यात्रियों की संख्या लगातार 2500 के आसपास बन चुकी है।
ट्रांसफर और ट्रांजिट यात्रियों में भी हो रहा इजाफा
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ट्रांसफर यात्रियों की संख्या बढ़कर 658 और ट्रांजिट यात्रियों की संख्या 310 तक पहुंच चुकी है। 15 जून को यह आंकड़ा 10 और 100 था। ट्राजिट यात्री उसी विमान में सफर जारी रखते हैं, जबकि ट्रांसफर यात्रियों को विमान बदलना पड़ता है और दोबारा सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से गुजरना होता है।
नई उड़ानों के साथ यात्रियों की संख्या में इजाफाःसीईओ
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में नई उड़ानों के साथ यात्रियों की संख्या में काफी तेजी के साथ इजाफा किया जाएगा। जिससे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में काफी ज्यादा वृद्धि होने की संभावना है।