भाजपा विधायक ने की प्रदेश उपाध्यक्ष से मुलाकात
जेवर की सियासत में एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन रहे मनोज चौधरी
जेवर विधान सभा को लेकर भाजपा ने तैयारियां एक बार फिर शुरू कर दी है। विधान सभा चुनावों से पहले भाजपा के भीतर संभावित दावेदारों की सक्रियता भी लगातार बढ़ती जा रही है। साल 2022 के विधान सभा चुनाव में जेवर सीट से प्रत्याशी रहे वरिष्ठ नेता मनोज चौधरी एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनते जा रहे हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों भाजपा नेता मनोज चौधरी ने दादरी विधायक तेजपाल नागर के साथ भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष और नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल से मुलाकात की। हालांकि, यह एक राजनीतिक मुलाकात नहीं मानी जा रही थी। लेकिन, अब गौतमबुद्ध नगर में इस मुलाकात के कई राजनीतिक मायने भी निकाले जाने शुरू हो चुके हैं। कुछ लोग इस मुलाकात को शीर्ष नेतृत्व के साथ संपर्क स्थापित करने का एक संकेत मान रहे हैं।

मनोज चौधरी साल 2022 के विधान सभा चुनाव में जेवर विधान सभा से चुनाव लड़ चुके हैं। विधान सभा चुनाव के दौरान उनको काफी अच्छा जनसमर्थन भी प्राप्त हुआ था। विधान सभा चुनाव के बाद भी मनोज चौधरी ने अपनी सक्रियता को लगातार बनाए रखा। वह विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और जनसरोकार के कार्यक्रमों में लगातार शामिल होते रहे। ऐसे में आगामी विधान सभा चुनाव के लिए उनका नाम भाजपा के संभावित दावेदारों की सूची में प्रमुखता के साथ लिया जा रहा है।
केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय किया जाएगा टिकट
भाजपा की टिकट चयन प्रक्रिया संगठन और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय की जाती है। हालांकि, अभी तक भाजपा हाईकमान की तरफ से किसी भी प्रत्याशी की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन, राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी काफी ज्यादा चर्चा है कि मनोज चौधरी भाजपा की संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं।
भाजपा शीर्ष नेतृत्व पर मनोज चौधरी की पकड़
भाजपा नेता मनोज चौधरी की सबसे बड़ी ताकत उनका संगठन में सक्रियता और वरिष्ठ नेताओं के साथ सीधा संपर्क माना जा रहा है। उनकी नजदीकी गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, नव नियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता सुनील बंसल समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी नियमित राजनीतिक सहभागिता रही है। इसी कारण संगठन के भीतर भी उन्हें गंभीरता से देखा जाता है।
एयरपोर्ट से बना जेवर विधान सभा का राजनीतिक महत्व
जेवर विधान सभा आज केवल एक विधान सभा नहीं है। बल्कि, उत्तर प्रदेश का एक विकास मॉडल भी बन चुका है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के चलते जेवर विधान सभा ने देश और प्रदेश में एक अलग पहचान बना ली है। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेस-वे, फिल्म सिटी, लॉजिस्टिक हब, इलेक्ट्रॉनिक और औद्योगिक निवेश जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के कारण अब जेवर विधान सभा राजनीतिक क्षेत्र में भी एक अलग पहचान बना रही है।