25 सितंबर से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

75 जिलों का मिलेगा ट्रेड शो में जायका

25 सितंबर से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन आगामी 25 सितंबर से 29 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस बार उत्तर प्रदेश के 75 जिलों का जायका एक ही स्थान पर लोगों को प्राप्त हो सकेगा। इस मेले का आयोजन उत्तर प्रदेश के उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।


उद्योग विभाग के उपायुक्त पंकज निर्वाण ने बताया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस बार एक जनपद एक व्यंजन का पवेलियन होगा। इसमें ओडीओसी योजना के तहत घोषित प्रत्येक जिले का व्यंजन प्रदर्शित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में लोगों को अयोध्या की कचौरी और कुल्हड़ वाली दही-जलेबी, अमेठी का समोसा, लाल गन्ने की गोटी, बुलंदशहर की खुरचन, प्रयागराज की सब्जी-कचौरी, कासगंज का मूंग का दलमा और सोरों की मोठ की चाट, हाथरस की रबड़ी, अलीगढ़ के इगलास की चमचम, मैनपुरी की सोनपापड़ी और भुना हुआ आलू, फिरोजाबाद की आलू टिक्की, आजमगढ़ की तहरी और सफेद गाजर का हलवा, बलिया का सत्तू, मऊ का लिट्टी चोखा, बरेली की सेवइयां और चाट, बदायूं की लॉज, पीलीभीत की खोया मिठाई, बस्ती का ठेकुआ, श्रावस्ती की इमरती, देवरिया का मालपुआ, कुशीनगर का केला चिप्स, झांसी की दाल बाफला, औरैया की दूध बर्फी, लखनऊ की रेवड़ी का स्वाद चखने को प्राप्त होगा।
550 से ज्यादा विदेशी खरीदार होंगे शामिलःपंकज निर्वाण
उद्योग विभाग के उपायुक्त पंकज निर्वाण ने बताया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो इस बार ग्रेटर नोएडा का सबसे बड़ा संस्करण होने जा रहा है। इस मेगा आयोजन में दुनिया के 85 देशों से 550 से ज्यादा विदेशी खरीदार, उद्योगपति और व्यापार प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा सैकड़ों भारतीय उद्यमी, निवेशक, स्टार्टअप, एमएसएमई और निर्यातक भी एक ही मंच पर जुटेंगे। यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बाजार और निवेश का केंद्र बनने जा रहा है।