सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या में लाई जाए कमीःसंजय कुमार पांडेय

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने की जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या में लाई जाए कमीःसंजय कुमार पांडेय

तेजस न्यूज संवाददाता

सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था को ज्यादा मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, ब्लैक स्पॉट, प्रवर्तन कार्रवाई और सड़क सुरक्षा से संबंधित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार प्रतिकर और अन्य लाभ दिलाने की कार्रवाई प्राथमिकता पर पूरी की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, डिवाइडर और गति नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने के भी दिशा-निर्देश जारी किए।

स्कूली वाहनों मानकों के तहत सड़कों पर चलेंगेःसंजय कुमार पांडेय

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि विद्यालय वाहनों में सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। वाहनों की फिटनेस, चालकों की पात्रता और वाहन में परिचालक की उपस्थिति की नियमित जांच की जाएगी। जिससे बच्चों का आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले विद्यालय वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

राहवीर योजना के तहत लोगों को किया प्रोत्साहितःसंजय कुमार पांडेय

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पीएम राहत योजना के तहत चिन्हित अस्पतालों में पीड़ितों को कैशलेस उपचार का लाभ समय से दिलाया जाए। गुड सेमेरिटन (राहवीर) को प्रोत्साहित करने और जीरो फेटैलिटी डिस्ट्रिक्ट कार्यक्रम के तहत मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। अवैध पार्किंग की रोकथाम और नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन संचालन के अलावा ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक सौरभ सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडेय और डिप्टी सीएमओ डॉक्टर जैसलाल के अलावा पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, प्राधिकरणों और सड़क निर्माण एजेंसियों समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।