यमुना एक्सप्रेस-वे पर घटी वाहनों की रफ्तार, 75 किमी होगी अधिकतम स्पीड

ठंड और कोहरे के चलते यमुना प्राधिकरण ने घटाई रफ्तार

यमुना एक्सप्रेस-वे पर घटी वाहनों की रफ्तार, 75 किमी होगी अधिकतम स्पीड

तेजस न्यूज संवाददाता

यमुना प्राधिकरण ने ठंड शुरू होते ही कोहरे और धुंध बढ़ने के चलते यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की रफ्तार को घटा दिया है। यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, आगामी 15 फरवरी तक यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रतिघंटे से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया है।

यमुना प्राधिकरण की तरफ से जारी आदेश के तहत कोहरे के मौसम में वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे पर नई गति सीमा के बोर्ड भी लगाए जाएंगे। कोहरे में सुरक्षित सफर को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत यमुना एक्सप्रेस-वे के एंट्री और एग्जिट पाइंट, टोल प्लाजा और रोड साइट फैसिलिटी पर पंपलेट बांटे जाएंगे। टोल प्लाजा पर पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट भी किया जाएगा। इसके अलावा कोहरे के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े निर्देश रेडियो एफएम के माध्यम से भी प्रसारित किए जाएंगे। यमुना एक्सप्रेस-वे के एंट्री और एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और अन्य प्रमुख स्थानों पर बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। जिससे वाहन चालकों को समय रहते सावधानी बरतने की जानकारी प्राप्त हो सके।

कई स्थानों पर साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टिव टेप की चमक खराब

यमुना एक्सप्रेस-वे पर कई स्थानों पर साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टिव टेप की चमक काफी धीमी हो चुकी है। इसके चलते रात के समय यमुना एक्सप्रेस-वे पर पर्याप्त रोशनी और दृश्यता नहीं मिल पाती है। ऐसे में जल्द से जल्द रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश भी यमुना प्राधिकरण की तरफ से जारी किए गए हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइट भी लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।