नगर निगम के कांवड़ शिविर पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
तेजस न्यूज संवाददाता
गाजियाबाद: नगर निगम के कांवड़ शिविर पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
गाजियाबाद। सावन कांवड़ यात्रा के दौरान गाजियाबाद नगर निगम द्वारा संचालित भव्य कांवड़ शिविर का शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ (आईएएस) ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में भोजन, पेयजल, विश्राम, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं स्नानघर सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और कांवड़ियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक एवं मुख्य विकास अधिकारी के साथ कांवड़ यात्रियों को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया। उन्होंने शिविर में बनाए गए रसोईघर का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की सराहना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम न केवल कांवड़ मार्ग पर सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए भव्य कांवड़ शिविर का संचालन भी कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से स्टील के बर्तनों के उपयोग, विशाल भोजन एवं विश्राम व्यवस्था, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के इस शिविर में कांवड़ यात्री 24 घंटे भोजन एवं विश्राम की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। नगर निगम की टीम लगातार शिविर की निगरानी कर रही है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कांवड़ यात्रा को गाजियाबाद के लिए आस्था, उत्साह और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।

नगर निगम द्वारा कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों से आए कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन और गाजियाबाद नगर निगम ने सभी शिविर संचालकों एवं श्रद्धालुओं से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।