मुरादनगर में मुस्लिम समाज ने शिवभक्तों का किया भव्य स्वागत, भाईचारे की मिसाल
गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में हिंदू मुस्लिम भाईचारे की एक मिसाल उसे वक्त दिखाई दी जब अचानक ही बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग गंग नहर पर पहुंचे और वहां कांवरियों का फूल माला के साथ जोरदार स्वागत किया।
तेजस न्यूज संवाददाता
मुरादनगर में मुस्लिम समाज ने शिवभक्तों का किया भव्य स्वागत, भाईचारे की मिसाल
मुरादनगर (गाजियाबाद)। सावन कांवड़ यात्रा के दौरान मुरादनगर में सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम समाज के लोगों ने बस स्टैंड एवं मस्जिद के सामने कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर पुष्पमाला पहनाकर और फल वितरित कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव', 'भारत माता की जय' और 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' के नारों से गूंज उठा। दोनों समुदायों के लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेकर आपसी भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रही। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास को मजबूत करने का कार्य करते हैं।