गाजियाबाद के प्रताप विहार में गूंजा तिरंगे का जयघोष वार्ड 55 में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

गाजियाबाद के प्रताप विहार में गूंजा तिरंगे का जयघोष वार्ड 55 में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

तेजस न्यूज संवाददाता 

प्रताप विहार में गूंजा तिरंगे का जयघोष वार्ड 55 में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

पार्षद संतोष सिंह राणा के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग हुए शामिल विधायक संजीव शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

गाजियाबाद। प्रताप विहार क्षेत्र के वार्ड-55 में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पार्षद संतोष सिंह राणा के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं समेत स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर विधायक संजीव शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में वार्ड-55 में पार्षद संतोष सिंह राणा के नेतृत्व में यह भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की गई है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करते हैं।

यात्रा के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

विधायक संजीव शर्मा ने बताया कि सीडीएस बिपिन रावत की स्मृति में क्षेत्र में जल्द ही एक भव्य गेट का निर्माण कराया जा रहा है, जो उनकी वीरता और देशसेवा की याद को सदैव जीवंत रखेगा।

सीडीएस बिपिन रावत के नाम पर भव्य गेट बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद उत्तराखंड से जुड़े लोगों में भी खुशी की लहर है। उन्होंने इस पहल के लिए पार्षद संतोष सिंह राणा और शहर विधायक संजीव शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के वीर सपूत को सम्मान देना प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व की बात है।

तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष यात्रा में शामिल हुए और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।