कंपनी में निवेश के नाम पर 1.06 करोड़ की ठगी का आरोप
रटौल कस्बे निवासी एक व्यक्ति ने कंपनी में निवेश और कृषि भूमि खरीदने के नाम पर करीब 1.06 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एक महिला समेत चार लोगों पर रकम हड़पने और 15 बीघा कृषि भूमि का बैनामा नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि रकम और जमीन वापस मांगने पर आरोपी अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचे और मारपीट व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कंपनी में निवेश के नाम पर 1.06 करोड़ की ठगी का आरोप
- 15 बीघा कृषि भूमि हड़पने का भी आरोप, विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने की शिकायत
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
रटौल कस्बे निवासी एक व्यक्ति ने कंपनी में निवेश और कृषि भूमि खरीदने के नाम पर करीब 1.06 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एक महिला समेत चार लोगों पर रकम हड़पने और 15 बीघा कृषि भूमि का बैनामा नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि रकम और जमीन वापस मांगने पर आरोपी अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचे और मारपीट व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
रटौल निवासी नौशाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी एक व्यक्ति और उसकी मित्र महिला से हुई थी। आरोप है कि दोनों ने अपनी कंपनी में निवेश करने पर अच्छा लाभ मिलने का भरोसा दिलाया। साथ ही 15 बीघा कृषि भूमि का बैनामा कराने की बात कही। उनके झांसे में आकर नौशाद ने अलग-अलग तिथियों में चेक के माध्यम से उक्त व्यक्ति को करीब 59.01 लाख रुपये दिए। शिकायत के अनुसार, बाद में कुछ रकम वापस की गई, लेकिन करीब 64.07 लाख रुपये अभी बकाया बताए गए हैं। वहीं, उक्त महिला को भी अलग-अलग माध्यमों से करीब 36.36 लाख रुपये दिए जाने का आरोप है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने 15 बीघा कृषि भूमि देने का भरोसा दिलाया था। वह कई वर्षों से उक्त भूमि पर कृषि कार्य भी करता आ रहा है, लेकिन बार-बार कहने के बावजूद आरोपियों ने जमीन का बैनामा नहीं कराया। पीड़ित के अनुसार, गत दिनों आरोपी कई अन्य लोगों को साथ लेकर उसके घर पहुंचे। वहां उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। आरोप है कि आरोपियों ने रकम वापस करने और कृषि भूमि का एग्रीमेंट करने से भी इनकार कर दिया। शोर सुनकर परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गए। जाते समय पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने खेकड़ा थाने में शिकायत देने के साथ ही पुलिस अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र भेजा है। उसने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।