ग्रेनो में 12 अक्तूबर से शुरू होगा विजय महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन
20 अक्तूबर को विजय दशमी को होगा रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन
तेजस न्यूज संवाददाता
गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आगामी 11 अक्तूबर को भक्ति और देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रमों से श्रीराम महोत्सव कार्यक्रम का आगाज किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शहर और देहात क्षेत्र के स्कूल और अकेडमी के बच्चों द्वारा सुंदर प्रस्तुति दी जाएगी। यह कार्यक्रम क्षेत्र के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। यह जानकारी ग्रेटर नोएडा के साईट 4 में स्थित रामलीला मैदान में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मंजीत सिंह ने दी।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मंजीत सिंह ने बताया कि 12 अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक रोजाना रामलीला मंचन में एक से बढ़कर एक दृश्यों की प्रस्तुति की जाएगी। आगामी 20 अक्तूबर को विजय दशमी को रामलीला मंचन में रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके बाद रंगीन आतिशबाजी का नजारा भी देखने को प्राप्त होगा। विजय महोत्सव में सुरक्षा की दृष्टि से सिक्योरिटी गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। साकेत कला मंच के 65 कलाकार रामलीला मंचन में प्रस्तुति देंगे। इस बार विजय महोत्सव कार्यक्रम में रामलीला मंचन के साथ विशाल मेला भी लगाया गया है। जिसमें जयंती कैटर्स के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के खाने और पीने के अनेकों स्टॉल लगाए गए हैं। इस मौके पर कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, हरेंद्र भाटी, श्यामवीर भाटी, अमित गोयल, अरुण गुप्ता, मुकुल गोयल, गिरीश जिन्दल, कमल सिंह आर्य और सुनील प्रधान समेत कई लोग मौजूद रहे।