भक्ति और उल्लास के बीच बड़े जैन मंदिर पहुंचे आचार्य विनिश्चय सागर महाराज
सोमवार को कस्बे में धार्मिक आस्था और उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला, जब जैन समाज के पूज्य संत आचार्य विनिश्चय सागर महाराज अपने संघ के साथ बैंड-बाजों और श्रद्धालुओं के विशाल जुलूस के बीच विहार करते हुए शांतिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर पहुंचे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर संतों का भावपूर्ण स्वागत किया।
भक्ति और उल्लास के बीच बड़े जैन मंदिर पहुंचे आचार्य विनिश्चय सागर महाराज
- श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और आरती से किया स्वागत, आज से श्रुत पंचमी महोत्सव का शुभारंभ
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
सोमवार को कस्बे में धार्मिक आस्था और उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला, जब जैन समाज के पूज्य संत आचार्य विनिश्चय सागर महाराज अपने संघ के साथ बैंड-बाजों और श्रद्धालुओं के विशाल जुलूस के बीच विहार करते हुए शांतिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर पहुंचे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर संतों का भावपूर्ण स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार भगवान महावीर दिगम्बर जैन मंदिर के 40वें स्थापना दिवस समारोह के समापन के उपरांत आचार्य विनिश्चय सागर महाराज ने ससंघ बड़े जैन मंदिर की ओर विहार किया। इस दौरान बैंड-बाजों की मंगल ध्वनि और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग शोभायात्रा में शामिल होकर श्रद्धा व्यक्त करते नजर आए।मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने संतों की आरती उतारी, पुष्प अर्पित किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भव्य स्वागत ने पूरे कस्बे को धार्मिक रंग में रंग दिया। मंगलवार से मंदिर परिसर में समोशरण महाअर्चना श्रुत पंचमी महोत्सव का शुभारंभ होगा, जो 19 जून तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह धर्मसभा और प्रवचन आयोजित होंगे, जबकि शाम को प्रश्नोत्तरी सभा और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस अवसर पर एलक विज्ञान सागर महाराज भी संघ के साथ उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह बना हुआ है।