तेज रफ्तार बनी काल, ट्रक से टकराई बाइक
मंगलवार देर रात बागपत–सोनीपत हाईवे पर निवाड़ा पुलिस चौकी के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एमबीए के दो छात्रों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अचानक आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
तेज रफ्तार बनी काल, ट्रक से टकराई बाइक
- एमबीए के दो छात्रों की दर्दनाक मौत, कॉलेज में शोक की लहर
बागपत, तेजस न्यूज रिपोर्टर
मंगलवार देर रात बागपत–सोनीपत हाईवे पर निवाड़ा पुलिस चौकी के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एमबीए के दो छात्रों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अचानक आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले छात्र मध्यप्रदेश और झारखंड के निवासी थे तथा दिल्ली के द्वारका स्थित एक कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों प्रथम वर्ष के छात्र थे। मध्यप्रदेश के नीमच निवासी पार्थ और झारखंड के धनबाद निवासी मयंक मंगलवार सुबह अपने दो अन्य साथियों अर्जुन तेवतिया और देवराज राय के साथ बाइक से देहरादून घूमने के लिए निकले थे। देर रात चारों युवक दो बाइकों पर सवार होकर दिल्ली लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक निवाड़ा पुलिस चौकी के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। संतुलन बिगड़ने से पार्थ और मयंक की बाइक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे चल रही दूसरी बाइक पर सवार साथियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया। पार्थ की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। साथी युवक उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान पार्थ ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं कॉलेज परिसर में भी शोक की लहर दौड़ गई।