बड़ागांव में हर्षोल्लास से मना निर्वाण महोत्सव, भगवान पार्श्वनाथ को चढ़ाया निर्वाण लाडू
बड़ागांव स्थित श्री पार्श्वनाथ अतिशय क्षेत्र प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को भगवान पार्श्वनाथ का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे जैन श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की पूजा-अर्चना कर निर्वाण लाडू अर्पित किया। भव्य रथयात्रा के दौरान गूंजे जयकारों से पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
बड़ागांव में हर्षोल्लास से मना निर्वाण महोत्सव, भगवान पार्श्वनाथ को चढ़ाया निर्वाण लाडू
- भव्य रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, रात में कवि सम्मेलन ने बांधा समां
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
बड़ागांव स्थित श्री पार्श्वनाथ अतिशय क्षेत्र प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को भगवान पार्श्वनाथ का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे जैन श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की पूजा-अर्चना कर निर्वाण लाडू अर्पित किया। भव्य रथयात्रा के दौरान गूंजे जयकारों से पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
महोत्सव एलाचार्य त्रिलोक भूषण जी महाराज, गणिनी आर्यिका चंद्रमती माताजी, मुक्ति भूषण माताजी, दृष्टि भूषण माताजी, आर्षमति माताजी और आर्यिका अनुभूतिभूषण माताजी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि समाधिस्थ मुनि पद्मासागर जी महाराज और मुनि पार्श्वकीर्ति जी महाराज की धर्म प्रेरणा से यह आयोजन वर्षों से परंपरागत रूप से किया जा रहा है। बुधवार सुबह 5.55 बजे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद करीब 11 बजे भगवान पार्श्वनाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान के जयकारों और धार्मिक भजनों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। रथयात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान पार्श्वनाथ के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित किया। देश के विभिन्न क्षेत्रों से जैन श्रद्धालुओं और जैन मुनियों के पहुंचने से मंदिर परिसर में पूरे दिन विशेष धार्मिक उत्साह बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
कवि सम्मेलन में देर रात तक बही धर्म की बयार
निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य में रात्रि में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। मेरठ की कवयित्री अनामिका जैन अंबर और सौरभ जैन सुमन ने धार्मिक रचनाओं का पाठ कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। हास्य कवि पार्थ नवीन और दमदार बनारसी ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से जमकर ठहाके लगवाए। वहीं श्रृंगार रस की कवयित्री शिखा दीप्ति ने अपनी रचनाओं से खूब मनोरंजन किया। देर रात तक मंदिर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

