ईस्टर्न पेरिफेरल किनारे बनेगी सर्विस रोड, दिल्ली सहारपुर हाइवे से खेकड़ा रेलवे स्टेशन तक जोड़ने का आश्वासन
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के किनारे प्रस्तावित सर्विस रोड के विस्तार की उम्मीद अब बढ़ गई है। शनिवार को सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से खेकड़ा रेलवे स्टेशन के पास बसी मार्ग अंडरपास तक सर्विस रोड की जरूरत का मौके पर निरीक्षण किया। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने सर्विस रोड को बसी अंडरपास तक बनवाने का आश्वासन दिया।
ईस्टर्न पेरिफेरल किनारे बनेगी सर्विस रोड, दिल्ली सहारपुर हाइवे से खेकड़ा रेलवे स्टेशन तक जोड़ने का आश्वासन
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के किनारे प्रस्तावित सर्विस रोड के विस्तार की उम्मीद अब बढ़ गई है। शनिवार को सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से खेकड़ा रेलवे स्टेशन के पास बसी मार्ग अंडरपास तक सर्विस रोड की जरूरत का मौके पर निरीक्षण किया। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने सर्विस रोड को बसी अंडरपास तक बनवाने का आश्वासन दिया।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से खेकड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम तक सर्विस रोड निर्माण का फैसला पहले ही हो चुका है। अब ग्रामीण इस मार्ग को आगे खेकड़ा रेलवे स्टेशन के पास बसी मार्ग अंडरपास तक जोड़ने की मांग कर रहे हैं। शनिवार को ग्रामीणों ने सांसद को प्रस्तावित मार्ग के लिए भूमि का निरीक्षण कराया और क्षेत्र की जरूरत से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि सर्विस रोड बनने से बसी, सुन्हेड़ा, बदपुर, महरमपुर, पाबला, सलावतपुर और बसा टिकरी समेत कई गांवों को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी। इससे ग्रामीणों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने के लिए खेकड़ा कस्बे के अंदर से गुजरने की जरूरत कम होगी और कस्बे में लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है। सर्विस रोड बनने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को खेकड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम तक सीधे पहुंचने की सुविधा भी मिलेगी। ग्रामीणों ने सांसद से जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने मौके पर सर्विस रोड की आवश्यकता का निरीक्षण करने के बाद इसे खेकड़ा रेलवे स्टेशन के पास बसी मार्ग अंडरपास तक बनवाने का आश्वासन दिया। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से उठ रही सर्विस रोड की मांग अब जल्द धरातल पर उतर सकती है।