वनवे प्लान से खेकड़ा को जाम से मिलेगी मुक्ति

खेकड़ा कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस वनवे प्लान लागू करने की तैयारी कर रही है। रविवार को कोतवाली में आयोजित व्यापारियों की बैठक में एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और जाम समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

वनवे प्लान से खेकड़ा को जाम से मिलेगी मुक्ति

वनवे प्लान से खेकड़ा को जाम से मिलेगी मुक्ति
- कोतवाली में एएसपी ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, स्कूल बसों के लिए बनेगी विशेष व्यवस्था
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस वनवे प्लान लागू करने की तैयारी कर रही है। रविवार को कोतवाली में आयोजित व्यापारियों की बैठक में एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और जाम समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
बैठक में व्यापारियों ने रेलवे रोड, जैन कॉलेज रोड से लेकर पाठशाला रोड तक आए दिन लगने वाले भीषण जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। व्यापारी पुष्पेंद्र कुमार ने स्कूलों की छुट्टी के समय बसों और अन्य वाहनों के कारण लगने वाले जाम की समस्या बताते हुए पुलिस व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों की छुट्टी के समय तांगा स्टैंड से वाहनों को यादव चौक की ओर डायवर्ट किया जाए, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम हो सके। व्यापारियों ने बिजली सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। व्यापार संघ के प्रदेश संगठन मंत्री अंकुश जैन ने उच्च क्षमता वाले बिजली तारों पर रबर कोटिंग कराने की मांग की। वहीं संदीप प्रजापति और सन्नी तोमर ने लोहे के बिजली पोलों को पत्थर के पोल से बदलवाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इससे करंट की घटनाओं से इंसानों के साथ बेजुबान पशुओं की भी सुरक्षा हो सकेगी। एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने व्यापारियों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि जाम से निजात दिलाने के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाई जाएगी। स्कूल बसों के संचालन के समय भी पुलिस की विशेष व्यवस्था की जाएगी। कोतवाल आशीष पुंडीर ने व्यापारियों से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कहीं भी नशीली दवाओं या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। बैठक में व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के साथ घटनाओं के बाद आरोपियों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।