फर्जी बंधक पत्र बनवाकर किसान की जमीन हड़पने का आरोप
रटौल कस्बे में जालसाजी के जरिए किसान की जमीन का फर्जी बंधक पत्र तैयार कराए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दो भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी बंधक पत्र बनवाकर किसान की जमीन हड़पने का आरोप
- न्यायालय के आदेश पर दो भाइयों समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
रटौल कस्बे में जालसाजी के जरिए किसान की जमीन का फर्जी बंधक पत्र तैयार कराए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दो भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रटौल निवासी राकेश कुमार के अनुसार, कस्बे में खसरा संख्या 284 और 301 में उसकी एक चौथाई हिस्सेदारी की भूमि है। आरोप है कि विपक्षियों ने राकेश के हिस्से की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से जालसाजी की। राकेश का आरोप है कि 25 अक्टूबर 2022 को उसकी जमीन को व्यावसायिक कार्य के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराया गया। इस दस्तावेज में रटौल निवासी दो लोगों को गवाह बनाया गया। राकेश को फर्जी बंधक पत्र की जानकारी उस समय हुई, जब न्यायालय से उसे संबंधित मामले में सम्मन प्राप्त हुआ। इसके बाद उसने न्यायालय से बंधक पत्र की प्रमाणित प्रति निकलवाई। पीड़ित के अनुसार, उसने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में वाद दायर किया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने कोतवाली प्रभारी को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। कोतवाल आशीष पुंडीर ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।