सत्य के मार्ग पर चलने से ही जीवन बनेगा सार्थक
दशलक्षण महापर्व के अंतर्गत रविवार को कस्बे और बड़ागांव के जैन मंदिरों में उत्तम सत्य धर्म की आराधना पूरे भक्तिभाव से की गई। अभिषेक, शांतिधारा और पूजन के साथ मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गूंज उठा। इंद्रध्वज महामंडल विधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा कर धर्मलाभ लिया। दिनभर धार्मिक आयोजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
सत्य के मार्ग पर चलने से ही जीवन बनेगा सार्थक
- दशलक्षण महापर्व पर जैन मंदिरों में गूंजे मंत्रोच्चार, उत्तम सत्य धर्म की हुई आराधना
- इंद्रध्वज महामंडल विधान में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
दशलक्षण महापर्व के अंतर्गत रविवार को कस्बे और बड़ागांव के जैन मंदिरों में उत्तम सत्य धर्म की आराधना पूरे भक्तिभाव से की गई। अभिषेक, शांतिधारा और पूजन के साथ मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गूंज उठा। इंद्रध्वज महामंडल विधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा कर धर्मलाभ लिया। दिनभर धार्मिक आयोजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में ब्रह्मचारी आशु जैन के सानिध्य में सम्मेद शिखर विधान हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान महावीर की पूजा की। श्रेय जैन और दिव्यांश जैन को भगवान का अभिषेक और शांतिधारा करने का सौभाग्य मिला। उत्तम सत्य धर्म पर प्रवचन देते हुए ब्रह्मचारी आशु जैन ने कहा, "सत्य ऐसा माली है, जो जीवन रूपी बगिया को सुंदर बनाता है।" इस अवसर पर प्रवीण जैन, सतीश जैन, वीरेंद्र जैन, नितिन जैन, दीपक जैन, आभा जैन और पुष्पा जैन सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। शांतिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में श्रद्धालुओं ने उत्तम सत्य धर्म की पूजा की, जिसके बाद इंद्रध्वज महामंडल विधान का आयोजन हुआ। इसके पुण्यार्जक राजकुमार जैन, मनोज कुमार जैन, योगेंद्र जैन और रोहित जैन रहे। पंडित राजेश राज ने मंत्रोच्चार के साथ विधान संपन्न कराया। पंडित राजेश राज ने सत्य के दो स्वरूप बताए: वचन का सत्य और आत्मा का सत्य। उन्होंने कहा कि जो भी कहें, सोच-समझकर कहें और किसी को दुख न पहुंचाएं। जब व्यक्ति भीतर और बाहर से एक जैसा हो, तभी वह सच्चा सत्य है। सच्चे मन, वचन और कर्म से ही मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
बच्चों की नाटिका ने दिया सामाजिक संदेश
कार्यक्रम में बच्चों ने भगवान को समर्पित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने भ्रूण हत्या और देव दर्शन पर आधारित नाटिका का मंचन कर समाज को संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस दौरान रोशन दीदी, समाज के प्रधान नितिन जैन, सुमेर जैन, मनोज जैन, अंकुश जैन, शुभम जैन, जिनेश जैन नीतू जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
