डिप्टी रजिस्ट्रार के निर्देश पर महामना मालवीय कॉलेज के चुनाव का मतदान स्थगित
खेकड़ा कस्बे के महामना मालवीय डिग्री कॉलेज की प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को उस समय और गहरा गया, जब निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदान नहीं हो सका। डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स के निर्देशों के बाद चुनाव अधिकारी ने मतदान समेत पूरी चुनाव प्रक्रिया को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया।
डिप्टी रजिस्ट्रार के निर्देश पर महामना मालवीय कॉलेज के चुनाव का मतदान स्थगित
- घोषित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को होना था मतदान
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे के महामना मालवीय डिग्री कॉलेज की प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को उस समय और गहरा गया, जब निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदान नहीं हो सका। डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स के निर्देशों के बाद चुनाव अधिकारी ने मतदान समेत पूरी चुनाव प्रक्रिया को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया।
कॉलेज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष बृजेश शर्मा और प्रबंधक नरेंद्र शर्मा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बृजेश शर्मा गुट की ओर से प्रबंध समिति के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर डा. वीपी शर्मा को चुनाव अधिकारी बनाया गया था। चुनाव अधिकारी ने सोमवार को मतदान की तिथि निर्धारित की थी। दूसरी ओर नरेंद्र शर्मा गुट ने चुनाव कार्यक्रम पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया था कि प्रबंध समिति की विधिवत बैठक के बजाय अपने गुट के लोगों की बैठक कर नियमों के विपरीत चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई थी। शिकायत पर डिप्टी रजिस्ट्रार ने सदस्यता से संबंधित शिकायतों का निस्तारण होने तक चुनाव कराए जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण तक प्रस्तावित चुनाव को शून्य मानने के आदेश भी जारी किए। इन निर्देशों के बाद चुनाव अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया रोक दी और सोमवार को निर्धारित मतदान भी नहीं कराया। चुनाव अधिकारी डॉ. वीपी शर्मा ने बताया कि डिप्टी रजिस्ट्रार के निर्देशों के अनुपालन में चुनाव प्रक्रिया अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दी गई है। अब आगे की कार्रवाई डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश के बाद ही की जाएगी।