श्रीमद्भागवत कथा का हवन पूजन के साथ हुआ समापन
भविष्य में भी संस्कार, सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र के साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा के सेक्टर 33 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में पिछले सात दिनों से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का हवन और पूजन के साथ विधिवत समापन हो गया। विश्व विख्यात आचार्य विष्णुकांत शास्त्री महाराज के सान्निध्य में श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इसका समापन किया गया। इस दौरान भारत विकास परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, सचिव अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, विकास अग्रवाल और सुनीता मित्तल समेत कई लोगों ने विश्व कल्याण, राष्ट्र की सुख-समृद्धि और परिवारों में शांति बनाए रखने की हवन के माध्यम से भगवान से प्रार्थना की।

भारत विकास परिषद के मीडिया प्रभारी मुकुल बाजपेई ने बताया कि भविषय में भी संस्कार, सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र के साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा। भारत विकास परिषद ने श्रीहरि के चरणों में प्रार्थना की कि यह आध्यात्मिक आयोजन सभी के जीवन में सुख, शांति, सद्भाव और धर्ममय संस्कारों का संचार करें।