परी चौक तक चलने वाली डबल डेकर बसें अब जाएंगी एयरपोर्ट

सुबह 6 बजे से होगा एयरपोर्ट के लिए बसों का संचालन

परी चौक तक चलने वाली डबल डेकर बसें अब जाएंगी एयरपोर्ट

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के समय में थोड़ा परिवर्तन किया गया है। इस परिवर्तन के तहत परी चौक तक चलने वाली डबल डेकर बसें अब सीधे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक संचालित की जाएगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों के रूट में कुछ नए क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।

इलेक्ट्रिक बसों के डिपो से मिली जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सुबह 6 बजे से शुरू किया जाएगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अंतिम बस यात्रियों को रात 8 बजे तक नोएडा से उपलब्ध हो सकेगी। वहीं, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली बस सुबह 9 बजे संचालित की जाएगी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अंतिम बस रात 11.30 बजे तक संचालित की जाएगी। इलेक्ट्रिक बसें ज्यादातर रूटों पर यात्रियों को प्रत्येक 15 से 30 मिनट के भीतर उपलब्ध हो सकेंगी। जिससे यात्रियों को इलेक्ट्रिक बसों के लिए काफी लंबा इंतजार नहीं करना होगा।

एयरपोर्ट तक जा सकेंगी अब डबल डेकर बसें

मिली जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर बसों का संचालन अब तक परी चौक के लिए किया जा रहा था। नए बदलाव के बाद इन बसों का रूट बढ़ाकर सीधे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अ़ड्डे तक किया गया है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने इन बसों की संख्या में भी इजाफा किया है। जिससे यात्रियों को काफी ज्यादा लाभ प्राप्त हो सकेगा। 

टर्मिनल तक पहुंचने के लिए 15 मिनट में मिलेगी बस

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में टर्मिनल बिल्डिंग से करीब दो किलोमीटर पहले एक इलेक्ट्रिक बस स्टॉप बनाया गया है।इस बस स्टॉप से टर्मिनल तक पहुंचने के लिए प्रत्येक 15 मिनट में शटल बस उपलब्ध रहेगी।

100 बसों का पहले से किया जा रहा संचालनःएआरएम इलेक्ट्रिक

इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में पहले से लगभग 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। नए टाइम टेबल और बदले हुए रूट के बाद अब यात्रियों को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचने में काफी सुविधा हो सकेगी। डबल डेकर बसों को सीधे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक संचालित करने का फैसला किया गया है।

इन रूटों पर संचालित की जाएगी बस 

- नोएडा के सेक्टर 37 (बॉटनिकल गार्डन) से परी चौक और यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए बसें नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक जाएंगी

- ग्रेटर नोएडा की बसें इकोटेक-16, गौर सिटी, चार मूर्ति, सूरजपुर और परी चौक से होकर जाएंगी

- गाजियाबाद के मोहन नगर से भी बस सेवा उपलब्ध हो सकेगी। यह बस सेवा लाल कुंआ, चार मूर्ति, सूरजपुर, परी चौक, दनकौर और रबूपुरा होते हुए नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक जाएंगी।

- यमुना प्राधिकरण क्षेत्र, गौतमबुद्ध नगर विश्वविद्यालय और आसपास के इलाकों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया है