नंदग्राम में दो पक्षों के विवाद में फायरिंग, युवक घायल, एक आरोपी हिरासत में
थाना नंदग्राम क्षेत्र स्थित रेत मंडी में शुक्रवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
तेजेश चौहान तेजस
नंदग्राम में दो पक्षों के विवाद में फायरिंग, युवक घायल, एक आरोपी हिरासत में
गाजियाबाद। थाना नंदग्राम क्षेत्र स्थित रेत मंडी में शुक्रवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को करीब 12:30 बजे पीआरवी-9633 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रेत मंडी के पास दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा है और इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं थाना नंदग्राम पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जांच में पता चला कि झगड़े के दौरान चली गोली से तरुण पुत्र सुखवीर निवासी ई-688, नंदग्राम के दाहिने हाथ की बांह में गोली लगी। घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गाजियाबाद भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना नंदग्राम पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया। गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक आरोपी सागर पुत्र विजय शर्मा, निवासी आर्यनगर, पटेलनगर तृतीय, थाना सिहानीगेट, गाजियाबाद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक थाना नंदग्राम में इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।