व्यापारियों की समस्याओं का जल्द से जल्द किया जाए समाधानःडीएम
जिलाधिकारी ने की व्यापार बंधु समिति की बैठक
सूरजपुर के जिलाधिकारी कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में व्यापार बंधु समिति की एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाली प्रमुख समस्याओं को जिलाधिकारी मेधा रूपम के समक्ष प्रमुखता के साथ रखा।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि बैठक के दौरान व्यापारिक प्रतिनिधियों ने सेक्टर 64 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र के आसपास पार्किंग और सार्वजनिक शौचालय समेत मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मुद्दा प्रमुखता के साथ उठाया। परीक्षा के दौरान लगाए जाने वाले जैमर की रेंज से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को होने वाली असुविधा के बारे में अवगत कराते हुए इसका जल्द से जल्द समाधान कराने की भी मांग की। व्यापारियों ने एनएच-9 से छिजारसी गोलचक्कर तक प्रस्तावित मार्ग को भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए छह लेन और सर्विस रोड समेत विकसित किए जाने की मांग को प्रमुखता के साथ रखा गया। सेक्टर 115 स्थित आइवरी काउंटी के सामने, स्टेडियम रोड, सेक्टर 49, बरौला और बरौला-भंगेल मार्ग की जर्जर सड़कों और गड्ढों की समस्याओं को भी प्रमुखता के साथ रखा गया। वहीं, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यापारिक संगठनों द्वारा उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय से उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में व्यापारिक गतिविधियों को ठीक प्रकार से किया जा सके। इस मौके पर राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर अजीत कुमार सिंह के अलावा सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।