जेवर में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में सपा
अक्टूबर में बिलासपुर में होगी एक विशाल जन सभा
विनय जोशी। उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी ने गौतमबुद्ध नगर में सेंधमारी शुरू कर दी है। दादरी के बाद अब समाजवादी पार्टी भाजपा का मजबूत दुर्ग माना जाने वाला जेवर विधान सभा में एक विशाल जन सभा करने की तैयारी शुरू कर दी है। सपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आगामी अक्टूबर महीने में ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर में एक विशाल जन सभा को संबोधित करने जा रहे हैं। इस विशाल जन सभा के माध्यम से जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह को कड़ी चुनौती प्राप्त हो सकती है।

साल 2022 के विधान सभा चुनावों में बसपा, रालोद-सपा गठनबंधन और कांग्रेस जेवर विधान सभा में चुनाव लड़ी थी। इस चुनाव में भाजपा के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह को 50 हजार से ज्यादा मतों से जीत प्राप्त हुई थी। ऐसे में अगर कांग्रेस और सपा एक साथ आ जाती है तो भाजपा के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह को इस बार चुनाव में जीत काफी मुश्किल हो जाएगी। गौतमबुद्ध नगर में इस बार समाजवादी पार्टी किसी भी प्रकार की कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
दादरी रैली के बाद जेवर एयरपोर्ट का भाजपा ने किया उद्घाटन
दादरी में समाजवादी पार्टी की हुई चुनावी रैली के बाद भाजपा ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भाजपा द्वारा उद्घाटन करने को मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने दादरी की चुनावी रैली के बाद कई सबक प्राप्त किए हैं। ऐसे में अब समाजवादी पार्टी किसी भी प्रकार की कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। जिसका लाभ सीधे तौर पर भाजपा को चुनावों के दौरान हो सके।
गौतमबुद्ध नगर समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जुटेंगे दिग्गज
समाजवादी पार्टी की इस चुनावी जन सभा में गौतमबुद्ध नगर के अलावा गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज नेता जुट सकते हैं। इस चुनावी जन सभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पहुंचने की भी पूरी संभावना है। इसके संकेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की तरफ से मिलने शुरू हो चुके हैं।
सपा अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे सीधा संवाद
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस चुनावी जन सभा में कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करेंगे। जिससे दादरी में होने वाली गलतियों को दोहराया नहीं जा सके। इस रैली के माध्यम से समाजवादी पार्टी भाजपा की सबसे सुरक्षित सीटों पर लगातार हमला करने का विचार कर रही है।
शालिनी सिंह के भी रैली में आने की संभावना
समाजवादी पार्टी के सूत्रों को अगर सही माना जाए तो पूर्व सांसद ब्रजभूषण सिंह की पुत्री शालिनी सिंह भी इस चुनावी रैली में शामिल हो सकती हैं। ऐसा माना जा रहा है कि शालिनी सिंह समाजवादी पार्टी से अपनी किस्मत अजमा सकती है। शालिनी सिंह को समाजवादी पार्टी अगर चुनावी टिकट देती है तो गौतमबुद्ध नगर के कई ठाकुर, ब्राह्मण, वैश्य और मुस्लिम के अलावा शहरी मतदाता भी समाजवादी पार्टी के साथ आ सकता है। जिसके चलते गौतमबुद्ध नगर में समाजवादी पार्टी का इस बार खाता खुल सकता है।
भाजपा इस चुनावी रैली पर नहीं दे रही ध्यान
भाजपा सूत्रों को अगर सही माना जाए तो भाजपा समाजवादी पार्टी की इस चुनावी रैली पर कोई विशेष ध्यान नहीं दे रही है। भाजपा की तरफ से इस चुनावी रैली पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया भी जारी नहीं की गई है। हालांकि, गौतमबुद्ध नगर में भाजपा समाजवादी पार्टी को हल्के में नहीं लेना चाहती है।
अक्तूबर में तय होगी गौतमबुद्ध नगर समेत उत्तर प्रदेश की राजनीति
2027 में होने वाले विधान सभा चुनावों से पहले अक्तूबर का महीना सभी राजनीतिक दलों के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। समाजवादी पार्टी गौतमबुद्ध नगर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खो चुकी अपने जनाधार को दोबारा वापस लाने की रणनीति तैयार करेगी। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा अपने सभी गढ़ को मजबूत करने की रणनीति तैयार करेगी।