पत्नी पर जेवर चोरी का मुकदमा दर्ज कराने के बाद मिली जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
खेकड़ा क्षेत्र के सांकरौद गांव निवासी एक युवक ने पत्नी के खिलाफ दर्ज कराए गए जेवर चोरी के मुकदमे के बाद खुद और अपने परिवार को जान से मारने की धमकियां मिलने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पत्नी पर जेवर चोरी का मुकदमा दर्ज कराने के बाद मिली जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
- पीड़ित ने नामजद व्यक्ति पर मुकदमे का दबाव बनाने और परिवार को धमकाने का लगाया आरोप
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
क्षेत्र के सांकरौद गांव निवासी एक युवक ने पत्नी के खिलाफ दर्ज कराए गए जेवर चोरी के मुकदमे के बाद खुद और अपने परिवार को जान से मारने की धमकियां मिलने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
सांकरौद निवासी हरिओम कुमार ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी पत्नी घर से जेवरात और नकदी लेकर चली गई थी। इस संबंध में न्यायालय के आदेश पर उसकी पत्नी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद एक व्यक्ति ने फोन कर उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने मुकदमा वापस न लेने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही खुद को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। पीड़ित ने दावा किया कि धमकी भरी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। पीड़ित का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से उसका पूरा परिवार भयभीत है। उसने आशंका जताई कि आरोपी किसी भी समय उसके परिवार के साथ अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा उसे और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को शिकायत पत्र दिया गया है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।