वायु सेना कर्मियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, ग्रामीणों ने की पुष्प वर्षा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरुड़ रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटर चांदीनगर के वायु सेना कर्मियों ने बाइक पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। स्टेशन कमांडेंट ग्रुप कैप्टन भावेश दुबे के नेतृत्व में निकली यात्रा का विभिन्न गांवों में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मदरसे के विद्यार्थियों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया।
वायु सेना कर्मियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, ग्रामीणों ने की पुष्प वर्षा
- चमरावल समेत कई गांवों में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने किया भव्य स्वागत
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरुड़ रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटर चांदीनगर के वायु सेना कर्मियों ने बाइक पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। स्टेशन कमांडेंट ग्रुप कैप्टन भावेश दुबे के नेतृत्व में निकली यात्रा का विभिन्न गांवों में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मदरसे के विद्यार्थियों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा एयर फोर्स स्टेशन से शुरू हुई। चमरावल चौराहे पर पहुंचने पर स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने जवानों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद यात्रा चमरावल, ललियाना, मंसूरपुर, खासपुर और पांची गांव से होकर गुजरी। इन गांवों में भी ग्रामीणों और मदरसे के बच्चों ने तिरंगा लेकर पहुंचे वायु सेना कर्मियों का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। इस दौरान ग्रामीणों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। यात्रा में विंग कमांडर विक्रांत द्विवेदी, स्क्वाड्रन लीडर विश्वास चतुर्वेदी समेत वायु सेना के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। इससे पूर्व एयर फोर्स स्टेशन में ध्वजारोहण किया गया। उधर, चमरावल गांव में ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। ग्राम प्रशासक केशव त्यागी और पूर्व प्रधान पिंकी त्यागी समेत अन्य लोगों ने चमरावल चौराहे पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांवों में देशभक्ति का माहौल बना रहा।