25 हजार डुप्लीकेट और संदिग्ध मतादाताओं के नामःडॉ. आश्रय गुप्ता
सपा द्वारा अवगत कराने पर भी नहीं की निर्वाचन विभाग ने कार्रवाईःडॉ. आश्रय गुप्ता
तेजस न्यूज संवाददाता
नोएडा विधान सभा की मतदाता सूची में लगभग 25 हजार डुप्लीकेट और संदिग्ध मतदाताओं से संबंधित दस्तावेज और तथ्य सार्वजनिक किए जा चुके हैं। इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्ध नगर को इसकी सूचना दी जा चुकी है। लेकिन, चार महीने बीतने के बाद भी इन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। यह जानकारी नोएडा के सेक्टर 22 स्थित सैफरोन बैंक्विट हॉल में हुई एक प्रेस वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने दी।

महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने बताया कि संगठन द्वारा मतदाता सूची के पुनः परीक्षण में लगभग 10 से 15 हजार ऐसी प्रविष्टियां सामने आने का दावा किया गया था। जिनकी निष्पक्ष जांच होना बेहद आवश्यक है। संगठन को कुछ ऐसे मामलों की भी जानकारी प्राप्त हुई है। जहां एक ही व्यक्ति के नाम से अलग-अलग वोटर कार्ड जारी किए गए हैं। समाजवादी पार्टी का उद्देश्य किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को साफ, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनान है। जिन नामों और वोटर कार्ड को लेकर शिकायतें की गई हैं। उनकी बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन अधिकारी स्तर तक जांच की जानी चाहिए। जांच का परिणाम भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
वास्तविक मतदाताओं के नाम नहीं काटे जाएःबबलू चौहान
विधान सभा अध्यक्ष बबलू चौहान ने बताया कि समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन द्वारा निर्वाचन अधिकारियों को अपने बीएलए की सूची उपलब्ध कराई गई है। कई ऐसे बीएलए और स्थानीय मतदाताओं के नाम भी मतदाता सूची से हटे हुए मिले हैं। लंबे समय से संबंधित क्षेत्र में रह रहे हैं और मतदान करते रहे हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त करें तत्काल कार्रवाईःडॉ. आश्रय गुप्ता
महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने बताया कि लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग है कि समाजवादी पार्टी द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और नामों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। जांच की कार्रवाई और परिणाम के संबंध में भी स्पष्ट जानकारी दी जाए। इस मौके पर डॉ. आश्रय गुप्ता, विकास यादव, बबलू चौहान, गौरव कुमार यादव, मनोज गोयल, ओमपाल राणा, बिलाल बर्नी, रामवीर यादव और लोकेश यादव समेत कई सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।