मूसलाधार बारिश में भरभराकर गिरी प्लॉट की दीवार, टला बड़ा हादसा

तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने गुरुवार को खेकड़ा कस्बे में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बैंक ऑफ इंडिया के सामने स्थित एक खाली प्लॉट की जर्जर चारदीवारी अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गई। संयोगवश उस समय वहां कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं पूरे दिन कस्बे की प्रमुख सड़कों पर जलभराव रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मूसलाधार बारिश में भरभराकर गिरी प्लॉट की दीवार, टला बड़ा हादसा

मूसलाधार बारिश में भरभराकर गिरी प्लॉट की दीवार, टला बड़ा हादसा
- बैंक ऑफ इंडिया के सामने हुआ हादसा, दिनभर जलभराव और कीचड़ से जूझता रहा खेकड़ा
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने गुरुवार को कस्बे में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बैंक ऑफ इंडिया के सामने स्थित एक खाली प्लॉट की जर्जर चारदीवारी अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गई। संयोगवश उस समय वहां कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं पूरे दिन कस्बे की प्रमुख सड़कों पर जलभराव रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बैंक ऑफ इंडिया के सामने स्थित खाली प्लॉट की चारदीवारी पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो चुकी थी। गुरुवार को तेज बारिश के बीच अचानक पूरी दीवार भरभराकर सड़क की ओर गिर गई। तेज आवाज के साथ दीवार गिरने से आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। बारिश का असर केवल इसी घटना तक सीमित नहीं रहा। कस्बे के मुख्य बाजार, प्रमुख चौराहों और संपर्क मार्गों पर दिनभर जलभराव की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। राहगीरों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन और जलभराव के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई दुकानों के बाहर भी पानी भर जाने से व्यापार प्रभावित रहा। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि लगातार हो रही बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि जर्जर दीवारों का समय रहते सर्वे कर उन्हें हटाया जाए तथा नालों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि बरसात के दौरान इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।