शराबी पति ने पत्नी और बच्चों को लोहे की रॉड से पीटा, आग लगाकर जलाने का प्रयास
खेकड़ा कस्बे में एक विवाहिता ने अपने शराबी पति पर घर खर्च के लिए रुपये नहीं देने और विरोध करने पर पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि रविवार को पति ने लोहे की रॉड से तीनों की पिटाई करने के बाद आग लगाकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए महिला ने बच्चों के साथ कमरे में बंद होकर खुद को बचाया।
शराबी पति ने पत्नी और बच्चों को लोहे की रॉड से पीटा, आग लगाकर जलाने का प्रयास
- कमरे में बंद होकर बचाई जान, विवाहिता ने कोतवाली पहुंचकर दी तहरीर
खेकड़ा, तेजस न्यूज रिपोर्टर
कस्बे में एक विवाहिता ने अपने शराबी पति पर घर खर्च के लिए रुपये नहीं देने और विरोध करने पर पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि रविवार को पति ने लोहे की रॉड से तीनों की पिटाई करने के बाद आग लगाकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए महिला ने बच्चों के साथ कमरे में बंद होकर खुद को बचाया।
विवाहिता ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है। वह घर खर्च के लिए रुपये नहीं देता है। जरूरत के लिए रुपये मांगने पर आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। आरोप है कि रविवार को भी रुपये मांगने पर पति ने गुस्से में आकर महिला और उसके बच्चों की लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी ने तीनों को आग लगाकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। किसी तरह महिला ने बच्चों के साथ कमरे में पहुंचकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अपनी जान बचाई। घटना के बाद महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।