उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में निकाला पैदल मार्च

उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में निकाला पैदल मार्च

तेजस न्यूज संवाददाता

नोएडा के सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में एक प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस विरोध प्रदर्शन से पहले उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नोएडा के सेक्टर 27 स्थित डीएम चौक से शुरू होकर सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक एक पैदल मार्च भी निकाला। वहीं, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित करते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा।

उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि यह पैदल मार्च किसी व्यक्ति और राजनीतिक दल के विरोध का कार्यक्रम नहीं है। बल्कि, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और संवैधानिक प्रक्रिया में विश्वास व्यक्त करने का शांतिपूर्ण प्रयास है। भारत का लोकतंत्र हमारी सबसे बड़ी ताकत है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए विश्वसनीय मतदाता सूची और मजबूत संवैधानिक संस्थाएं आवश्यक है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर देश में राजनीतिक बहस चल रही है। लोकतंत्र में विभिन्न विचार और असहमित स्वाभाविक है। लेकिन, किसी भी संवैधानिक संस्था और पदाधिकारी के संबंध में निष्कर्ष तथ्यों, कानून और निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया के आधार पर ही निकाला जाना चाहिए। इस मौके पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता जय भगवान गोयल और वरिष्ठ समाजसेवी सत्यनारायण गोयल समेत कई लोग मौजूद रहे।